बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री की चकाचौंध वाली दुनिया, आसमान की ऊंचाईयों तक की लोकप्रियता और कई बेहतरीन फिल्मों का हिस्सा होना, ये सबकुछ ऐसा है जिसका सपना इस देश में कई लोग देखते हैं। सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के पास ये सबकुछ था। अब ऐसी खबर आई है कि उन्होंने आत्महत्या कर ली है। ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि उन्होंने मुंबई में बांद्रा में अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। उनका शव पुलिस को उनके घर में मिला।
सुशांत सिंह का सफरनामा
सुशांत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी एक्टर के तौर पर की। सुशांत ने सबसे पहले 'किस देश में है मेरा दिल' धारावाहिक में काम किया था। हालांकि, उन्हें बड़ी पहचान एकता कपूर के सीरियल 'पवित्र रिश्ता' से मिली। धीरे-धीरे उनके फिल्मों का दौर शुरू हुआ। 'काय पो छे' में उनके अभिनय की खूब तारीफ हुई। फिर वे परिणीति चोपड़ा और वाणी कपूर के साथ 'शुद्ध देसी रोमांस' में नजर आये।
इन सबके बीच सुशांत ने भारतीय क्रिकेट टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के जीवन पर बनी फिल्म में धोनी का बेहतरीन रोल निभाकर खूब वाहवाही बटोरी। सुशांत ने 'सोनचिड़िया' और 'छिछोरे' जैसी फिल्मों में नजर आए। साथ ही सारा अली खान के साथ केदारनाथ में भी नजर आए।
सुशांत सिंह राजपूत का पटना से मुंबई तक का सफर
सुशांत सिंह राजपूत का जन्म पटना में 21 जनवरी, 1986 को हुआ था।वसुशांत की शुरुआती पढ़ाई सेंट कैरेंस हाई स्कूल स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के कुलाची हंसराज मॉडल स्कूल में पढ़ाई की।
बाद में उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया लेकिन कोर्स पूरा किए बिना तीन साल में इसे छोड़ दिया। सुशांत की 4 बहनें हैं। हालांकि, एक बहन की मौत हो चुकी हैं। मां का भी निधन हो चुका है। सुशांत का घर आज भी पटना के राजीव नगर में है। वहां उनके पिता रहते हैं। सुशांत का पैतृक आवास पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी में है।
सुशांत सिंह राजपूत ने क्यों किया सुसाइड?
टीवी धारावाहिकों की दुनिया से बॉलीवुड तक एक सफल यात्रा करने वाले सुशांत सिंह राजपूत ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, ये अभी जांच का विषय है। ये सुसाइड है या कुछ और, इस पर भी पुलिस जांच कर रही है। शुरुआती रिपोर्ट्स जो मीडिया की खबरों के हवाले से आ रही है उसके मुताबिक पिछले कुछ महीनों से सुशांत डिप्रेशन में चल रहे थे।
हालांकि, ये सबकुछ पुलिस की जांच से सामने आ सकेगा। हाल में और चार दिन पहले ही सुशांत की एक्स मैनेजर दिशा सालियान ने आत्महत्या की थी। सुशांत ने तब इंस्टा स्टोरी में दिशा को लेकर लिखा था, 'ये बहुत दुखद खबर है। दिशा के परिवार और दोस्तों को मेरी सांत्वना। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।'
सुशांत के भीतर क्या चल रहा था, इसका एक संकेत उनके आखिरी इंस्टाग्राम स्टेटस से भी मिलता है। उन्होंने लिखा है, 'धुंधला अतीत आंखों के आंसू से गायब हो रहा है। पूरे न हुए सपने खुशियों का एक वृत बना रहे हैं, वहीं एक जल्द बीतने वाली जिंदगी दोनों के बीच मोल-तोल कर रही है..मां।' ये पोस्ट सुशांत ने तीन जून को लिखा था।

Comments
Post a Comment