MS Dhoni: महेंद्र सिंह धोनी अपने पहले और आखिरी वनडे में हुए रनआउट, 9 बार छक्के से मैच किया खत्म, पढ़ें 15 रोचक बातें
MS Dhoni: महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से 15 अगस्त को संन्यास की घोषणा कर दी है। धोनी के कुछ देर बाद सुरेश रैना (Suresh Raina) ने भी संन्यास की घोषणा कर दी। क्रिकेट के मैदान पर दोनों खिलाड़ियों की दोस्ती खूब चर्चा में रही। खासकर आईपीएल (IPL) में तो चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलते हुए दोनों ने कई बेहतरीन पारियां खेली। टीम इंडिया के लिए धोनी और रैना दोनों बेहतरीन खिलाड़ी साबित हुए। बहरहाल, बात धोनी की करें तो ये टीम इंडिया और इसके फैंस के लिए एक युग के खत्म होने जैसा है।
झारखंड की राजधानी रांची से ताल्लुक रखने वाले धोनी का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। एक छोटे शहर से निकलते हुए उन्होंने जिस ऊंचाई को छुआ, वो बहुत कम लोगों को नसीब होता है। धोनी ने अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर में कई ऐसे कीर्तिमान बनाए, जो लंबे समय तक कायम रहेंगे। धोनी एकमात्र ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने बतौर कप्तान तीन आईसीसी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इसमें टी20 वर्ल्ड कप, आईसीसी ODI वर्ल्ड कप और चैम्पियंस ट्रॉफी शामिल हैं। धोनी का सफर बस इन्हीं तीन ट्रॉफी तक सीमित नहीं है। कई छोटे-बड़े और भी दिलचस्प रिकॉर्ड हैं। जानिए धोनी के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर से जुड़ी 15 सबसे दिलचस्प बातें...
1. महेंद्र सिंह धोनी के इंटरनेशनल करियर की शुरुआत 23 दिसंबर, 2004 को हुई। पहला मैच उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ खेला। चटोग्राम में ये मैचा खेला गया। भारतीय टीम तब बांग्लादेश दौरे पर गई थी और तीन मैचों की वनडे सीरीज का ये पहला मुकाबला था।
2. धोनी ने अपने इंटरनेनल करियर का पहला मैच बांग्लादेश के खिलाफ और अपने करियर का आखिरी मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला। ये दोनों वनडे मैच ही थे।
3. धोनी अपने पहले ही इंटरनेशनल मैच में और पहली गेंद पर बिना खाता खोले रन आउट हुए। एक एक डेब्यू खिलाड़ी के लिए ये कितना दुखद होता है, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। धोनी तब सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे। ये उस मैच की 42वीं ओवर की पांचवीं गेंद थी जब धोनी पवेलियन लौटे।
4. पहला इंटरनेशनल मैच और रन आउट, कहानी बस इतनी भर नहीं है। दिलचस्प ये है कि धोनी अपने इंटरनेशनल करियर की आखिरी गेंद पर भी रन आउट ही हुए। साल था 2019, यानी पिछले साल। धोनी 10 जुलाई, 2019 को खेले गए इस मैच में 72 गेंदों पर 50 रन बनाकर आउट हुए।
5. धोनी ने अपने करियर का जो पहला मैच खेला था, उसमें भारत को जीत मिली थी। वहीं, उनके आखिरी इंटरनेशनल मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा था। आखिरी मैच 2019 के वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मुकाबला था।
6. धोनी भारत की ओर से वनडे में पांचवें या इससे नीचे बैटिंग करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम इन पोजिशंस पर 8183 रन हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर युवराज सिंह (4809) और तीसरे नंबर पर सुरेश रैना (4394) हैं।
7. धोनी ने अपने करियर में 829 डिस्मिस्लस किए। इसमें 634 कैच और 195 स्टंपिंग हैं। ये आंकड़े टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों को मिलाकर हैं।
8. धोनी ने अपने करियर में 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। इन आंकड़ों को मिला दे तो ये कुल 538 मैच हैं। इंटरनेशनल मैचों में धोनी के बल्ले से 17266 रन निकले। इसकी औसत 44.96 और उनका स्ट्राइक रेट 79.07 रहा। इसमें 16 शतक और 108 फिफ्टी हैं।
9. धोनी के करियर का उच्चतम स्कोर 224 रहा। ये पारी उन्होंने साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में हुए टेस्ट मैच में खेली थी। भारत ये मैच 8 विकेट से जीतने में कामयाब रहा था।
10. महेंद्र धोनी ने 350 वनडे में 229 छक्के लगाए हैं। धोनी रिटायरमेंट के समय वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। उनसे आगे रोहित शर्मा (244 छक्के) हैं। वैसे वे अभी वनडे में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। उनके बल्ले से वनडे में 826 चौके निकले हैं। दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा (817) हैं। सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (351) के नाम है।
11. धोनी ने भारत के लिए 200 वनडे मैचों में कप्तानी की और भारत इसमें 55 प्रतिशत मैच जीतने में सफल रहा। संख्या की बात करें तो भारत ने 110 मैच जीते, 74 में हार मिली और 5 मैच टाइ रहे। 11 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला।
12. टी20 में धोनी ने भारत के लिए 72 मैचों में कप्तानी की और इसमें 42 में भारत जीत हासिल करने में कामयाब रहा।
13. धोनी की विकेटकीपिंग की बात करें तो इस मामले में भी उनका जवाब नहीं है। धोनी ने 829 डिस्मिस्ल्स किए हैं। सबसे ज्यादा डिस्मिस्लिस करने के मामले में वे दुनिया में तीसरे नंबर पर हैं। उनके आगे मार्क बाउचर (998) और एडम गिलक्रिस्ट (905) हैं।
14. धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने जो दो से ज्यादा देशों वाले टूर्नामेंट जीते हैं, वे हैं- टी20 वर्ल्ड कप (2007), सीबी सीरीज (2008), कॉमपैक कप (2009), एशिया कप (2010), वर्ल्ड कप (2011), चैम्पियंस ट्रॉफी (2012), ट्राई सीरीज, वेस्टइंडीज (2013), एशिया कप 2016 (टी20).
15. सभी इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों में धोनी के अलावा दुनिया में कोई भी ऐसा खिलाड़ी नहीं हुआ जिसने 332 मैचों में किसी टीम की कप्तानी की, 142 बार नॉटआउट रहा और 9 बार छक्के से किसी वनडे मैच का समापन किया।



Comments
Post a Comment